निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर, 25 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 17, 2026
- 16 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ, गया आंचल द्वारा पटना मंडल के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय एस. राठौर एवं स्वर्गीय के. मिश्रा की पुण्यतिथि पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उनकी स्मृति को समर्पित करते हुए समाज सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित किया गया।
शिविर में स्टेट बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों तथा उनके परिवारों सहित लगभग 150 से 200 लोगों ने भाग लिया। स्वास्थ्य जांच के लिए मेदांता हॉस्पिटल, पटना के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं प्रदान की। कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और जनरल मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इस दौरान रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर), नेत्र जांच, विजन टेस्ट, ईसीजी तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए गए। वहीं आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में लगभग 25 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। रक्त संग्रह की व्यवस्था रेडक्रॉस सोसाइटी, गया द्वारा की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक निर्मल कुमार, सहायक महाप्रबंधक नवीन कुमार सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ, गया आंचल के अंचल सचिव राजीव नयन ने मेदांता हॉस्पिटल के चिकित्सकों, रेडक्रॉस सोसाइटी, गया की टीम, आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज सेवा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को भी मजबूत करते हैं।


रिपोर्टर