सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध होगी कार्यवाही।

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सरकारी गड़हे की भूमि पर कथित रूप से दबंगों द्वारा भवन एवं बाउंड्रीवाल का निर्माण कर अवैध कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में गांव के समाजसेवी विकास सिंह ने उपजिलाधिकारी पिंडरा कुंदन राजकपूर को प्रार्थना पत्र देकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत बलुआ में आराजी नंबर 187 रकबा 00730 यानी लगभग पौने छह बिस्वा सरकारी गड़हे की भूमि पर दबंगों द्वारा भवन व बाउंड्रीवाल का निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे सार्वजनिक संपत्ति का स्वरूप प्रभावित हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पिंडरा ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को तत्काल भूमि का सीमांकन कराने तथा यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाए तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है, तो अवैध निर्माण हटाने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। समाजसेवी विकास सिंह का कहना है कि दबंगों द्वारा सरकारी गड़हे को पाट कर भवन व बाउंड्रीवाल का निर्माण करवा लिए जाने से एक तरफ जहां बारिश के पानी की जल निकासी नहीं हो पा रही है तो वही दूसरी तरफ सरकारी संपत्ति का भारी नुकसान हो रहा है। इस मामले में शनिवार को तहसील दिवस पर एसडीएम पिंडरा को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग किया है,उन्होंने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले में तहसीलदार पिंडरा नेहा राजवंशी ने बताया कि सरकारी गड़हे की भूमि पर अस्थाई निर्माण हुआ होगा तो उसे तत्काल हटवा दिया जाएगा। यदि भवन या बाउंड्रीवाल का निर्माण करवाया गया होगा तो अवैध कब्जा धारक के विरुद्ध धारा 167 की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट