अल्पसंख्यक मोर्चा की परिचयात्मक सह जिला बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 19, 2026
- 26 views
रोहतास। भारतीय जनता पार्टी, रोहतास जिला कार्यालय में रविवार को जिला अल्पसंख्यक मोर्चा की परिचयात्मक सह जिला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एवं मंच संचालन अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. एस. जमशेद अहमद ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में भाजपा रोहतास के जिला अध्यक्ष श्री संतोष पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पंडित दीनदयाल डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के सफल सहभागियों को भाजपा जिला अध्यक्ष श्री संतोष पटेल ने मंचासीन पदाधिकारियों के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान जिला अध्यक्ष श्री सरताज हुसैन ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करें।
अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला प्रभारी श्री रजनीश कुमार वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अल्पसंख्यक समाज के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला मंत्री डॉ. शिवनाथ चौधरी ने संगठनात्मक मजबूती, अनुशासन एवं सेवा भाव को भारतीय जनता पार्टी की पहचान बताते हुए कार्यकर्ताओं से निरंतर जनसंपर्क एवं संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में भाजपा रोहतास के जिला अध्यक्ष श्री संतोष पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण एवं सेवा भाव के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुँचाने का कार्य करें।
समापन संबोधन में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. एस. जमशेद अहमद ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
बैठक में भाजपा रोहतास के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।


रिपोर्टर