उप महापौर प्रतिनिधि ने नगर आयुक्त पर विकास योजनाओं में भेदभाव का लगाया आरोप, नगर आयुक्त ने नकारा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 20, 2026
- 9 views
रोहतास । जिला मुख्यालय नगर निगम सासाराम अक्सर विवादों में बना रहता है। दो खेमों में बंटे नगर निगम के सभी जनप्रतिनिधि कभी एक दूसरे पर लूट-खसोट का आरोप लगाते हैं, तो कभी योजनाओं के चयन को लेकर विवाद खड़ा हो जाता है। दरअसल इन विवादों से न सिर्फ शहर का विकास कार्य प्रभावित होता है, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में भी अनियमितता बरती जाती है और इसका खामियाजा आम शहरवासियों को भुगतना पड़ता है।
अब इसी क्रम में एक बार फिर उप महापौर प्रतिनिधि चंद्रशेखर सिंह ने नगर आयुक्त पर भेदभाव का आरोप लगाया है। उनका स्पष्ट कहना है कि योजनाओं के चयन में विरोधी पार्षदों के क्षेत्रों को नजरअंदाज किया जाता है। जबकि मेयर खेमें के वार्ड पार्षदों की योजनाओं को प्रमुखता दी जाती है। उन्होंने यह अभी कहा कि वर्ष 2023 से हीं उनके द्वारा लाइब्रेरी का टेंडर कराने के लिए आवाज उठाया जा रहा है, लेकिन बार-बार इसे टाला जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने शहर की साफ सफाई, कचरा उठाव, नाला उगाही का भी मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि एनजीओ के माध्यम से साफ सफाई के नाम पर सिर्फ लूट हो रही है।
नगर आयुक्त ने आरोपों को नकारा
वहीं नगर आयुक्त विकास कुमार ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि अब तक 150 योजनाओं का कार्य पूरा कराया गया है तथा अन्य कई योजनाएं प्रक्रियाधीन है। नगर निगम के सभी वार्डो से योजनाओं का चयन किया जाता है और इसमें किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होता।


रिपोर्टर