शिवसागर में लूटकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा: एक कुख्यात अपराधी वैगनआर कार के साथ गिरफ्तार


रोहतास।रोहतास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवसागर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज़ 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक शातिर अभियुक्त को वारदात में प्रयुक्त चार पहिया वैगनआर कार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पेट्रोल पंप के पास चाकू व बेल्ट से किया था हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21/22 जुलाई की देर रात्रि (समय लगभग 01:30 बजे) शिवसागर थानांतर्गत टोल प्लाजा से पश्चिम बनारस की ओर जाने वाली NH-19 सड़क पर स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के पास यह वारदात हुई थी।

चेनारी थाना क्षेत्र के साकिन निवासी मनीष कुमार (24 वर्ष) को वैगनआर कार सवार 04 अज्ञात अपराधियों ने घेर लिया। अपराधियों ने पीड़ित को चाकू और बेल्ट से मारपीट का भय दिखाकर उनके पास से ₹10,000 नकद, कपड़े और 01 सोने की अंगूठी से भरा बैग लूट लिया था।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सासाराम-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला और तकनीकी साक्ष्यों को एकत्र किया।

तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (सं० JH 10BU 6416) को जब्त कर लिया और उसके स्वामी सह अभियुक्त आदित्यमल सिंह (30 वर्ष), पिता रामअयोध्या सिंह, निवासी मेदनीपुर (थाना धौधाड़, जिला रोहतास) को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त का है पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आदित्यमल सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पूर्व में भी संगीन मामले दर्ज हैं:

सासाराम (मु०) थाना कांड सं० 157/22: धारा 392 भा०द०वि० (लूट)

डिहरी नगर थाना कांड सं० 454/23: धारा 364ए भा०द०वि० (फिरौती हेतु अपहरण)

अन्य अपराधियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

छापेमारी दल में शिवसागर थानाध्यक्ष पु०नि० रितेश कुमार सिंह, पु०अ०नि० चंद्रहास कुमार, स०अ०नि० सिंधु शेखर एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट