सासाराम में दोपहर बाद बढ़ा तनाव, बैरिकेड टूटे, पुलिस ने किया बल प्रयोग रेलवे स्टेशन बना छावनी! लंबी रहेंगी यादें !
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 25, 2026
- 2 views
रोहतास।बिहार बंद के आह्वान के बीच आज शनिवार को सासाराम में दोपहर 12 बजे तक जनजीवन सामान्य रहा। इसके बाद बंद समर्थक विभिन्न स्थानों से निकलकर पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और सड़क पर लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए गए।
डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा
स्थिति तनावपूर्ण होते ही रोहतास के पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार और जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
हालात बिगड़ने पर पुलिस ने किया बल प्रयोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान छात्रों के एक समूह ने एक वरीय अधिकारी को निशाना बनाया। इसके बाद हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। कुछ समय तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन दोपहर करीब एक बजे प्रदर्शनकारी फिर से उग्र हो गए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और उपद्रव कर रहे लोगों को मौके से हटाया गया। एहतियात के तौर पर सासाराम शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
प्रशासन ने स्टेशन धर्मशाला चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, डीएम कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की है। लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
रेलवे स्टेशन परिसर पूरी तरह शांत रहा
बिहार बंद को देखते हुए सासाराम रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में पूरे समय शांति बनी रही तथा किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
डिजिटल अपील का भी दिखा असर
करीब 15 वर्षों से स्थानीय मुद्दों और जनसरोकारों पर सक्रिय डिजिटल मंच 'सासाराम की गलियाँ' ने भी लोगों से लगातार शांति बनाए रखने की अपील की। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के माध्यम से साझा किए गए संदेश 40 से 50 हजार की बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचे। इन अपीलों के बाद कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को घर लौटने की सलाह दी और अनेक युवाओं ने भी किसी भी प्रकार के उपद्रव से दूरी बनाए रखी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, संयम बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।r


रिपोर्टर