मुख्य सचिव ने विडियो कांफ्रेंसिंग जिलाधिकारी के साथ की विभिन्न विभागों की समीक्षा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 27, 2026
- 4 views
रोहतास। सोमवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। रोहतास जिले से जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्र के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना, विद्युत आपूर्ति, वेजफेड, टीबी मुक्त भारत अभियान, लंबित SIR, राशन कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के प्रधान सचिव एवं सचिवों ने एजेंडा-वार पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं में और तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्र ने प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की के संबंध में विद्युत वितरण कंपनियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि बैंक ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, अनावश्यक अस्वीकृतियों में कमी लाई जाए तथा लाभुकों को समय पर स्वीकृति एवं सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सोलर रूफटॉप स्थापना कार्य में तेजी लाने पर बल देते हुए कहा कि यह योजना केवल बिजली बिल में बचत का माध्यम नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
जिला पदाधिकारी ने ऊर्जा विभाग को किसानों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़े उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संभावित टीबी मरीजों की पहचान एवं स्क्रीनिंग कर रहे हैं, ताकि समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही चिन्हित टीबी मरीजों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत योजना के अंतर्गत पोषण किट उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें सोया चंक्स, चना दाल, मूंगफली, मिल्क पाउडर, आटा एवं खाद्य तेल जैसी पौष्टिक सामग्री शामिल है।
जिला पदाधिकारी ने राशन कार्ड निर्माण एवं नाम जोड़ने के विशेष अभियान में पात्र परिवारों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करने, सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा लंबित सीएमआर की आपूर्ति निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जन वितरण प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने और खाद्यान्न वितरण की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
इसके अतिरिक्त वेजफेड के माध्यम से सब्जी व्यवसाय को प्रोत्साहित करने संबंधी कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने अन्य सभी योजनाओं से संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन योजनाओं की समीक्षा कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


रिपोर्टर