गो तस्करों के विरुद्ध कैमूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई कंटेनर से 40 गौवंश बरामद, चालक फरार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 01, 2026
- 46 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)-- जिले में नए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के पदभार ग्रहण करने के बाद मवेशी तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्गावती थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर से 40 मवेशियों को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, दिवा गश्ती के दौरान कोटसा नहर के समीप संदिग्ध कंटेनर रजिस्ट्रेशन संख्या BR02GC8667 को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान कंटेनर से 40 मवेशी बरामद हुए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बरामद सभी मवेशियों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई के बाद आदर्श पशु मेला, नुआंव में जिम्मानामा पर सुरक्षित रखा गया है। वहीं फरार कंटेनर चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि नए पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने के बाद कैमूर जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से तस्करों में हड़कंप है और लगातार अवैध मवेशी परिवहन के मामलों का खुलासा हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मवेशी तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।


रिपोर्टर