डीडीसी ने स्वतंत्रता समारोह तैयारियों को लेकर विशेष समीक्षा बैठक किए


रोहतास। शनिवार को उप विकास आयुक्त, रोहतास विजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह एवं उससे जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में फजलगंज स्टेडियम, सासाराम में आयोजित होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप समारोह का आयोजन भव्य, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि आमजन एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। समीक्षा के दौरान फजलगंज स्टेडियम में मंच की रंगाई एवं सजावट, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, अतिथियों के सुचारु प्रवेश एवं निकास तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्यों को समय पर एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए एक-एक पदाधिकारी को टैग किया जायेगा।


बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में रोहतास जिले में तेजी से विकसित हो रहे पर्यटन क्षेत्र को विशेष रूप से फोकस रहेगा। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने से संबंधित सभी व्यवस्थाएं भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि महादलित टोलों सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट