अमांव पंचायत के अजय चौबे बने नए पैक्स अध्यक्ष, अपने प्रतिद्वंद्वी को 525 मतों से हराया

संवाददाता रामाकांत मिश्र की रिपोर्ट 

रामपुर (कैमूर)----- रामपुर प्रखंड के अमांव पंचायत पैक्स चुनाव की मतगणना शनिवार देर रात कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। मतगणना के बाद पूर्व पैक्स अध्यक्ष अजय चौबे उर्फ मुनि चौबे ने निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुधाकर मिश्रा को 525 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनु कुमारी ने रात करीब 11:15 बजे परिणाम घोषित करते हुए विजेता को जीत का प्रमाण-पत्र सौंपा।


घोषित परिणाम के अनुसार अजय चौबे को 914 मत, जबकि सुधाकर मिश्रा को 389 मत प्राप्त हुए। शनिवार को हुए मतदान में 66.45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के बाद मतपेटियों को बेलांव पंचायत सरकार भवन स्थित वज्रगृह में सुरक्षित रखा गया था, जहां शाम 8 बजे से तीन टेबलों पर मतगणना शुरू हुई।

मतगणना स्थल पर मजिस्ट्रेट, बेलांव थाना पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती रही। आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। परिणाम घोषित होते ही अजय चौबे के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया, मिठाइयां बांटी और जीत के नारे लगाए। वहीं, पराजित प्रत्याशी सुधाकर मिश्रा और उनके समर्थक शांतिपूर्वक मतगणना स्थल से लौट गए। प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट