कुदरा नगर पंचायत के मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति से व्यापार हो रहे है प्रभावित

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर:-- जिला के कुदरा नगर पंचायत के मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से जर्जर पड़ी हुई है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढे, टूटी सड़क और जलजमाव के कारण स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और श्रद्धालुओं को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार नगर प्रशासन से सड़क की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कुदरा बाजार आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए खरीदारी का प्रमुख केंद्र है। हर दिन हजारों लोग यहां आवश्यक सामान लेने पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली के कारण ग्राहकों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है और कई दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है।


बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी और कीचड़ भर जाता है। नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे पूरे बाजार में गंदगी फैल जाती है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित कर रहे हैं। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क एक ओर स्थित मस्जिद और दूसरी ओर स्थित हनुमान मंदिर को जोड़ती है। प्रतिदिन नमाज अदा करने वाले लोग, मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालु, बाजार के ग्राहक और स्कूली बच्चे इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है लोगों का कहना है कि पहले भी कई महिलाएं, बच्चे और राहगीर सड़क पर फिसलकर घायल हो चुके हैं। हर बार मरम्मत का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है। नगर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था और बाजार क्षेत्र को गड्ढामुक्त बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट