के. एम. अग्रवाल कॉलेज में डिग्री प्रमाणपत्र वितरण समारोह संपन्न
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Aug 12, 2026
- 68 views
अंतरराष्ट्रीय युवा समारोह के औचित्य पर विद्यार्थियों को प्रदान किए गए डिग्री प्रमाणपत्र
यूपीएससी में चयनित प्रशांत मिस्त्री का विशेष सम्मान
कल्याण : अंतरराष्ट्रीय युवा समारोह के औचित्य को साधते हुए के. एम. अग्रवाल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए डिग्री प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन कॉलेज के भव्य ऑडिटोरियम में समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों को मान्यवरों की उपस्थिति में उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के प्रतीक डिग्री प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। समारोह में कॉलेज के पदाधिकारियों, प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. विजय पंडित ने की। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के कार्याध्यक्ष रमाशंकर (चंदू) तिवारी, महामंत्री ओमप्रकाश (मुन्ना) पांडेय, ट्रस्टी कांतिलाल जैन, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अनीता मन्ना सहित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मान्यवरों ने उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई दी और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिग्री प्राप्त करना विद्यार्थियों के जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन वास्तविक सफलता अपने ज्ञान, प्रतिभा और क्षमताओं का समाज एवं राष्ट्र के हित में उपयोग करने में है। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफलता और बेहतर करियर के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर के. एम. अग्रवाल कॉलेज के होनहार विद्यार्थी प्रशांत मिस्त्री का विशेष सम्मान किया गया। प्रशांत मिस्त्री का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में होने पर कॉलेज परिवार की ओर से उनकी उपलब्धि का गौरवपूर्ण उल्लेख करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। उनकी सफलता को कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया। कॉलेज परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
डिग्री प्रमाणपत्र प्राप्त करते समय विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय तक की गई मेहनत और अध्ययन के बाद डिग्री हासिल करने का अवसर उनके लिए यादगार बन गया। समारोह में उपस्थित मान्यवरों ने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह की शुरुआत महाराष्ट्र के गौरव एवं सांस्कृतिक अस्मिता का प्रतीक गीत ‘जय जय महाराष्ट्र माझा’ से हुई। इसके बाद डिग्री प्रमाणपत्र वितरण एवं सम्मान समारोह की विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं। अंत में राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में उत्साहपूर्ण और गौरवपूर्ण वातावरण बना रहा।


रिपोर्टर