47वीं वाहिनी सीआरपीएफ में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 15, 2026
- 2 views
राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित होंगे कमांडेंट अवधेश कुमार, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को किया गया सम्मानित
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी----- भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 47वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), गया में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट अवधेश कुमार ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को प्राप्त मेडल एवं पुरस्कारों के नाम पढ़कर सुनाए गए। इस वर्ष 47वीं वाहिनी के कमांडेंट अवधेश कुमार को उनकी सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
अपने संबोधन में कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि 15 अगस्त देश के इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। वर्ष 1947 में इसी दिन भारत अंग्रेजी शासन से स्वतंत्र हुआ और एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान स्थापित की।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सीआरपीएफ के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी के.के. सिंह, डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार, पंकज कुमार, महमूद आलम सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।


रिपोर्टर