डीएम की उपस्थिति में मुखिया सह जिविका समन्वय बैठक आयोजित


रोहतास। बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा होटल बी.एस.शिवसागर टोल प्लाजा के समीप मुखिया समन्वय सह जीविका बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को बैंकिंग सेवाओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को इन योजनाओं से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में बिहार ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक दीपक कुमार, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक आशीष रंजन,बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय से प्रतिनिधिगण,क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार,जीविका के राज्य स्तरीय प्रतिनिधि मनीष कुमार, डीपीएम सुधीर बहादुर,मुखिया संघ के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह, विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक,मुखिया,पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत सहायक एवं जीविका प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर विशेष रूप से विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने योजना के लाभ, सोलर रूफटॉप की उपयोगिता, बिजली के खर्च में कमी तथा सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सब्सिडी के संबंध में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य सम्मानित सदस्यों को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे स्वयं भी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लें तथा कम-से-कम तीन अन्य परिवारों को भी सोलर रूफटॉप योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित करें,ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ बिजली के खर्च को कम किया जा सके।

इस अवसर पर उद्योग विभाग द्वारा भी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गयी। विशेष रूप से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना के संबंध में उपस्थित लोगों को जानकारी प्रदान की गयी तथा ग्रामीण क्षेत्र के छोटे उद्यमियों एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े लोगों के लिए उपलब्ध अवसरों और सुविधाओं पर चर्चा की गयी। साथ ही उद्यम रजिस्ट्रेशन के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि उद्योग विभाग द्वारा इसके लिए विशेष कैंप भी आयोजित किये जा रहे हैं,जहाँ निःशुल्क उद्यम पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों के संभावित उद्यमियों से इसका लाभ उठाने का आग्रह किया गया। बैठक के दौरान ग्रामीण विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आरएएमपी मॉडल सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गयी। उपस्थित जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे अपने पंचायत क्षेत्र में ऐसे पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें बैंक,जीविका एवं संबंधित सरकारी विभागों से जोड़ने में सहयोग करें।


यह कार्यक्रम जिलाधिकारी की विशेष पहल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण रहा। जिलाधिकारी ने स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होकर पर्याप्त समय दिया तथा विभिन्न योजनाओं के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों से विस्तारपूर्वक संवाद किया। उन्होंने योजनाओं को केवल जानकारी तक सीमित न रखते हुए उनके व्यावहारिक लाभ को ग्रामीण परिवारों तक पहुँचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया। बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा इस प्रकार के समन्वय कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण समाज के और करीब लाना तथा प्रशासन,बैंक,जीविका,उद्योग विभाग एवं पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। बैंक का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजना,बैंकिंग सुविधा, ऋण सुविधा अथवा स्वरोजगार के अवसर से वंचित न रहे। कार्यक्रम में उपस्थित मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा इस प्रकार के सार्थक एवं जनोपयोगी कार्यक्रम के आयोजन की सराहना की तथा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुँचाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

यह आयोजन बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं,स्वरोजगार एवं ग्रामीण विकास को एक मंच पर लाकर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी कदम साबित हुआ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट