सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए शिवहर में टास्क फोर्स की बैठक संपन्न, अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश --------------------------
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 22, 2026
- 4 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ----- जिले के राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में 'सड़क सुरक्षा और राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स' की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), कार्यपालक अभियंता (पथ निर्माण विभाग एवं NH), सिविल सर्जन सहित अन्य संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा कार्ययोजना को सख्ती से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।
जिले में चिन्हित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर तत्काल प्रभाव से रंबल स्ट्रीप्स, स्पीड ब्रेकर, साइनेज और रिफ्लेक्टर लगाने के सख्त निर्देश NHAI और पथ निर्माण विभाग को दिए गए। ओवरलोडिंग, तेज गति बिना हेलमेट-सीटबेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश पुलिस एवं परिवहन विभाग को दिया गया।
दुर्घटना की स्थिति में घायलों को 'गोल्डन आवर' (Golden Hour) के भीतर त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हाईवे पर एंबुलेंस की तैनाती और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया, NHAI को निर्देशित किया गया कि वे राजमार्गों के किनारे और चौक-चौराहों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस जारी करें और उन्हें अविलंब हटाएं।
यातायात दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी वाहन चालकों का समयबद्ध तरीके से प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। ऐसे मामलों में मृतक के आश्रितों को मिलने वाली मुआवजा राशि के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश डीटीओ एवं ट्रैफिक डीएसपी को दिया गया।
आम नागरिकों, विशेषकर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं और व्यावसायिक वाहन चालकों के बीच यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा।


रिपोर्टर