सड़क के गड्ढे में फंसा मालवाहक ऑटो


रोहतास ।जिले के अकोढी गोला प्रखंड कार्यालय के समीप मुख्य सड़क पर रविवार को शाम 4 बजे एक मालवाहक ऑटो सड़क में बने गहरे गड्ढे में फंस कर पलट गया। ऑटो का नंबर BR26C B3960 है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन पर कुरकुरे, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री लदी हुई थी। वाहन मालिक सुनील कुमार जो एक छोटे व्यवसायी हैं, डेहरी ऑन सोन से अकोढी गोला बाजार की ओर अपना सामान बेचने जा रहे थे। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर बने गहरे गड्ढे में ऑटो का पहिया फंस गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क का चौड़ीकरण का कार्य पिछले 6 महीने से भी अधिक समय से चल रहा है। कार्य एजेंसी द्वारा सड़क को अधूरा खोद कर छोड़ दिया गया है। जगह-जगह सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश के कारण नाली का पानी और मिट्टी इन गड्ढों में भर गया है, जिससे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

घटना के बाद करीब एक घंटे तक गाड़ी गढ्ढे में फंसी रही। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पलटे हुए मालवाहक ऑटो को सीधा किया गया।

इस मामले को लेकर रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्य एजेंसी से बात की गई है और जल्द ही इस क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत कर कार्य को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट