डीएम ने नोखा प्रखंड एवं अंचल का किए निरीक्षण



रोहतास। जिला पदाधिकारी, दीपक कुमार मिश्र द्वारा नोखा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री आकांक्षा आनंद,विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री शेफाली,अंचल अधिकारी पुष्पा कुमारी, 

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागीय कार्यों,जनसुविधाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना,राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,जीवन प्रमाणीकरण,कन्या विवाह योजना, ट्राइसाइकिल वितरण,कैश बुक, समापन एवं नीलामी,उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की गयी। कन्या विवाह योजना के करीब 35 मामले लंबित पाये गये,जबकि ट्राइसाइकिल वितरण से संबंधित 5 मामले लंबित मिले। जिला पदाधिकारी ने इन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने आगत एवं निर्गत पंजी की भी समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त आवेदन-पत्रों पर की गयी कार्रवाई की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। कर्मचारियों से जुड़े एमएसीपी एवं एएलपी मामलों, बीएलए/आर भवन,निर्माण कार्य, कैश बुक तथा समापन एवं नीलामी से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि हथिनी तालाब में बोट चलाया जाएगा,इसे लेकर संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। 

राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी दारा दाखिल-खारिज तथा परिमार्जन सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गयी। परिमार्जन के 57 प्रतिशत मामले लंबित पाये जाने पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को त्वरित कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि आरटीपीएस के माध्यम से प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाय । लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लोक सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुँचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी जनहित से जुड़े आवेदन अथवा योजना के मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाय। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।

निरीक्षण एवं बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय आये लोगों की समस्यायें भी सुनीं। इसके बाद जिला पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त द्वारा प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट