रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

संवाददाता सूचित पाण्डेय की रिपोर्ट 

रामपुर (कैमूर)। रामपुर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार की मौजूदगी में डॉ. अक्षय कुमार द्वारा गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।

इस दौरान गर्भवती महिलाओं का वजन, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, पेट की जांच के साथ आवश्यक रक्त जांच की गई। जांच के बाद डॉ. अक्षय कुमार ने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक सलाह दी।

उन्होंने गर्भवती महिलाओं से गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार लेने तथा हरी सब्जियां, दूध और अंडे का सेवन करने की अपील की। साथ ही आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां नियमित रूप से लेने, समय-समय पर एएनएम से जांच कराने और संस्थागत प्रसव के लिए पहले से तैयारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

मौके पर हेल्थ मैनेजर, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। इस दौरान लाभार्थियों को पोषाहार एवं गर्भावस्था के दौरान उचित खान-पान के बारे में भी जानकारी दी गई|

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट