खनन विभाग की टीम पर ट्रक चालक से मारपीट का आरोप
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 10, 2026
- 1 views
चालक ने खान निरीक्षक समेत कर्मियों के खिलाफ शिकायत देने की कही बात, विभाग ने बताया भागने के दौरान लगी चोट
दुर्गावती(कैमूर)------ स्थानीय थाना क्षेत्र के खजुरा बाजार के समीप यूपी-बिहार सीमा पर एनएच-19 पर खनन विभाग की टीम द्वारा एक ट्रक चालक के साथ कथित रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। चालक ने खान निरीक्षक समेत विभाग के अन्य कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के बाद चालक के शरीर पर चोट के निशान दिखाई देने के बाद मामला जांच का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के चुटिया थाना क्षेत्र के परछा गांव निवासी ट्रक चालक राजकुमार चंद्रवंशी मंगलवार की रात बालू लदे ट्रक संख्या BR 24 GC 8054 के साथ कर्मनाशा बॉर्डर के समीप एनएच-19 पर खड़ा था। इसी दौरान खनन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक का गेट खुलवाकर कागजात की जांच शुरू की।
चालक का आरोप है कि जांच के दौरान बालू का चालान फेल होने की बात कहकर खान निरीक्षक प्रदीप कुमार की मौजूदगी में विभाग के गार्डों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक के मुताबिक, मारपीट में उसके शरीर और पीठ पर चोटें आईं। इसके बाद ट्रक पर लाखों रुपये का जुर्माना किए जाने की बात भी सामने आई।
कार्रवाई के बाद चालक को दुर्गावती थाने लाया गया। चालक ने खनन विभाग के इंस्पेक्टर और अन्य कर्मियों के विरुद्ध लिखित शिकायत देने की बात कही है।
वहीं, इस संबंध में खान निरीक्षक प्रदीप कुमार ने चालक के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए कहा कि चालक भागने के क्रम में घायल हुआ है। दूसरी ओर, चालक अपने आरोप पर कायम है और उसका कहना है कि खनन विभाग के कर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। चालक के शरीर एवं पीठ पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। चालक को चोट किन परिस्थितियों में लगी, क्या विभागीय टीम के कर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई या भागने के दौरान वह घायल हुआ—इन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है। मामले में वरीय अधिकारियों द्वारा संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है।


रिपोर्टर