विद्यालय में मारपीट और अमर्यादित व्यवहार के मामले में शिक्षिका निलंबित


रोहतास। जिले के प्रखंड नोखा के उच्च माध्यमिक विद्यालय चनकी में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के बीच मारपीट, गाली-गलौज एवं अमर्यादित व्यवहार के मामले में जिला शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती अंजू कुमारी, वर्ग 09-10, उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय चनकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना, रोहतास द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 5 सितंबर 2026 (शिक्षक दिवस) को विद्यालय में उपस्थित बच्चों के सामने आपस में मारपीट, गाली-गलौज एवं अमर्यादित व्यवहार की घटना सामने आई थी। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी नोखा एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नोखा द्वारा संयुक्त जांच कराई गई थी।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षिका के विरुद्ध बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 (यथा संशोधित-2026) में निहित सरकारी सेवक के व्यवहार एवं आचरण के प्रतिकूल होने तथा बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक (नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवा शर्त) नियमावली-2023, यथा संशोधित-2024 की कंडिका-14 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

आदेश में कहा गया है कि शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, अकोढ़ीगोला का कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिक्षिका के विरुद्ध आरोप-पत्र का गठन अलग से किया जाएगा।

शिक्षक दिवस के दिन बच्चों के सामने हुई इस घटना पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई से विद्यालयों में अनुशासन को लेकर कड़ा संदेश गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट