राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन



रोहतास।अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, योजना एवं विकास विभाग, बिहार, पटना के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81वें सत्र के अंतर्गत स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (SAS) एवं अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन 10 से 12 सितंबर 2026 तक रोहतास में किया जा रहा है।प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का संयुक्त रूप से उद्घाटन श्री दीपक कुमार मिश्रा, भा.प्र.से., जिला पदाधिकारी, रोहतास एवं श्री महेश प्रसाद, बिहार सांख्यिकी सेवा, उप निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, बिहार, पटना द्वारा किया गया।जिला पदाधिकारी ने आंकड़ों की गुणवत्ता पर दिया जोर उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा, भा.प्र.से. ने कहा कि किसी भी सरकार की प्रभावी योजना एवं नीति-निर्माण के लिए विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े अत्यंत आवश्यक हैं। राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण जैसे बड़े पैमाने के सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े देश एवं राज्य की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर सर्वेक्षण कार्य में लगे अधिकारियों एवं अन्वेषकों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। परिवारों से सही जानकारी प्राप्त करना, निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों का पालन करना तथा आंकड़ों की शुद्धता एवं गोपनीयता बनाए रखना सर्वेक्षण की सफलता के लिए आवश्यक है।जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षण में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं अन्वेषकों से प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण की तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों को समझने तथा क्षेत्रीय कार्य के दौरान पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही बेहतर नीति और बेहतर विकास का आधार बनते हैं।उप निदेशक ने सर्वेक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला इस अवसर पर श्री महेश प्रसाद, उप निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, बिहार ने राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81वें सत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े नीति-निर्माण, योजना निर्माण एवं विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सर्वेक्षण के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप आंकड़ों के संग्रहण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।कार्यशाला में सभी प्रमंडलों के उप निदेशक, सांख्यिकी, सभी जिलों के जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा अन्वेषक भाग ले रहे हैं। प्रतिभागियों को सर्वेक्षण की अवधारणा, उद्देश्य, नमूना चयन, क्षेत्रीय सर्वेक्षण, आंकड़ा संग्रहण तथा विभिन्न अनुसूचियों के सही एवं गुणवत्तापूर्ण संधारण से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के 81वें सत्र के अंतर्गत स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण के माध्यम से परिवारों की आय-व्यय एवं निवेश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी तथा अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण के माध्यम से परिवारों की ऋणग्रस्तता एवं परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़े संकलित किए जाएंगे।इन आंकड़ों का उपयोग देश एवं राज्य में आर्थिक एवं सामाजिक नीतियों के निर्माण तथा विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में किया जाएगा।इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन श्री प्रमोद कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, रोहतास के समन्वय एवं सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वेक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं अन्वेषकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर सटीक, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़ा संग्रहण सुनिश्चित करना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट