डीएम ने दस आपूर्ति निरीक्षकों के वेतन पर लगाई रोक


रोहतास। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने राशन कार्ड निर्माण तथा निर्गमन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में राशन कार्ड निर्माण कार्य की अनुमंडलवार एवं प्रखंडवार समीक्षा की गयी। समीक्षा के क्रम में लाभुकों के ई-केवाइसी की प्रगति संतोषजनक नहीं रहने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।

 डीएम ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग,बिहार सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राशन कार्ड निर्माण की कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी आपूर्ति निरीक्षकों को उनके लॉगिन में लंबित सभी आवेदनों का नियमानुसार दो दिनों के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया। लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने तथा असंतोषजनक प्रगति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने बिक्रमगंज अनुमंडल और डिहरी अनुमंडल के आपूर्ति निरीक्षकों में शामिल डिहरी के आपूर्ति निरीक्षक एहसान करीम, सूर्यपुरा तथा बिक्रमगंज के राहुल रंजन, दावथ के अरविन्द कुमार,काराकाट की खुशबू कुमारी राजपुर के राहुल कुमार तथा संझौली एवं दिनारा के अभिषेक कुमार से कारण-पृच्छा करते हुए अगले आदेश तक वेतन पर रोक लगा दी है। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों से राशन कार्ड निर्गमन की स्थिति की भी जानकारी ली गयी। सासाराम अनुमंडल में राशन कार्ड निर्गमन की प्रगति संतोषजनक पायी गयी,जबकि बिक्रमगंज एवं डिहरी अनुमंडल के अधिकारियों को विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राशन कार्ड निर्गमन की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड निर्माण के लिए लाभुकों का ई-केवाइसी कराना अनिवार्य है। लाभुक अपने संबंधित जन वितरण प्रणाली दुकान पर जाकर ई-केवाइसी की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ जिले के तीनों अनुमंडल पदाधिकारी,वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप तथा सभी आपूर्ति निरीक्षक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट