एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक से 187 लीटर शराब के साथ तीन गिरफ्तार

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

 दुर्गावती(कैमूर)------- थाना पुलिस ने रविवार की अहले सुबह गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एनएच-19 पर शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने डहला गांव के समीप मरहिया मोड़ के पास से 187.020 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से तीन मोटरसाइकिल और एक स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 4:55 बजे गुप्त सूचना मिली कि मरहिया मोड़ के समीप एनएच-19 के उत्तरी लेन में डहला गांव के पास एक उजले रंग की स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के माध्यम से कुछ लोग शराब ले जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों के साथ तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार गुप्ता (20 वर्ष), पिता योगेंद्र शाह, ग्राम अकोढ़ी, थाना रामगढ़; कृष्ण कुमार गुप्ता (23 वर्ष), पिता अगनू प्रसाद गुप्ता, ग्राम उसरी, थाना मोहनिया; तथा चंद्रमणि सिंह उर्फ लक्की सिंह (24 वर्ष), पिता मुन्ना सिंह, ग्राम शिवपुर, थाना भभुआ, तीनों जिला कैमूर के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि तीनो आरोपियों के पास तीन बाइक से तीन बोरी और खड़ी स्कॉर्पियो से कुल 187.020 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद शराब तस्करी में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट