गणेशचक मोड़ पर पिकअप रोककर किराना कारोबारी से 2.10 लाख की लूट

कार सवार चार बदमाशों ने हथियार के बल पर दिया घटना को अंजाम, चालक से मारपीट कर मोबाइल भी छीना

गया----- ‌‌बाराचट्टी मोहनपुर थाना क्षेत्र के गणेशचक मोड़ के पास सोमवार को कार सवार चार बदमाशों ने पिकअप को रोककर किराना कारोबारी से 2.10 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने कारोबारी और चालक को हथियार दिखाकर डराया तथा विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट की। बदमाश चालक का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मुसैला गांव निवासी किराना कारोबारी जय राम कुमार केशरी सोमवार को दुकान का सामान खरीदने के लिए पिकअप से निकले थे। कारोबारी के अनुसार, वह करीब 11:30 बजे घर से निकले थे। लगभग दोपहर 12 बजे गणेशचक मोड़ के पास पहुंचने पर एक कार में सवार बदमाशों ने उनकी पिकअप को रोक लिया। दो बदमाश कारोबारी की ओर तथा दो चालक की ओर पहुंचे और हथियार दिखाकर मारपीट करने लगे। डर के कारण कारोबारी ने अपने पास रखे 2.10 लाख रुपये बदमाशों को दे दिए।

कारोबारी ने बताया कि बदमाशों ने उनका मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया। उन्होंने मोबाइल को पिकअप की सीट के अंदर फेंक दिया, जिससे मोबाइल बदमाशों के हाथ नहीं लगा। वहीं, पिकअप चालक शंकर पासवान का मोबाइल बदमाशों ने छीन लिया।

चालक शंकर पासवान ने पुलिस को बताया कि बदमाश काफी देर से उनकी पिकअप का पीछा कर रहे थे। रास्ते में कार सवारों ने साइड मांगी तो उन्होंने रास्ता दे दिया। कुछ दूर आगे जाने के बाद बदमाशों ने कार को पिकअप के आगे खड़ा कर दिया और रास्ता रोक दिया। इसके बाद चारों बदमाश नीचे उतरकर वारदात को अंजाम देने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बोधगया एसडीपीओ मधु कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और कारोबारी तथा चालक से घटना की जानकारी ली। दोनों से पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ की गई। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग मार्गों और मोड़ों पर वाहनों की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

एसडीपीओ मधु कुमारी ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी और लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।

इधर, गणेशचक मोड़ के आसपास इस तरह की घटनाएं पूर्व में भी सामने आती रही हैं। ऐसे में घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से इस मार्ग पर नियमित गश्ती बढ़ाने और बदमाशों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट