डीएम ने रोहतासगढ रोपवे का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 16, 2026
- 2 views
रोहतास। जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र द्वारा रोहतासगढ़ रोपवे निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रोपवे निर्माण की प्रगति,तकनीकी पहलुओं एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षणों एवं सुरक्षा जाँच में सफल होने के बाद ही रोपवे को पर्यटकों के लिए खोला जायेगा। बताया गया कि निर्माणाधीन रोपवे को नयी तकनीक एवं संशोधित डिजाइन के आधार पर तैयार किया जायेगा। आईआईटी पटना द्वारा की गयी तकनीकी जाँच एवं प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर रोपवे के पिलरों के निर्माण की प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव किये गये हैं। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा आईआईटी की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कंसल्टेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। कंसल्टेंसी नियुक्त होने के पश्चात तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप रोपवे निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ किया जायेगा। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पहाड़ी नदी का भी जायजा लिया। ग्रामीणों द्वारा नदी से निकलने वाले पानी के गाँवों में आने की शिकायत से अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।


रिपोर्टर