निजी विद्यालय संचालकों को विभागीय पोर्टल का प्रशिक्षण


रोहतास।शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार मंगलवार को सासाराम मुख्यालय के कनोडिया पंप स्थित संत जोसेफ स्कूल परिसर में निजी विद्यालय संचालकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


यह प्रशिक्षण सासाराम के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बीआरसी के डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री साकिर अहमद ने उपस्थित विद्यालय संचालकों को शिक्षा विभाग के विभिन्न पोर्टलों पर आवश्यक सूचनाओं एवं छात्र-छात्राओं से संबंधित विवरणों की ऑनलाइन एंट्री करने की विस्तृत जानकारी दी।


प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल पर लॉगिन करने, विद्यालय एवं विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने, प्रविष्टियों में होने वाली त्रुटियों को सुधारने तथा विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यालय संचालकों द्वारा पोर्टल से संबंधित पूछे गए प्रश्नों और तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में सासाराम प्रखंड के निजी विद्यालयों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विभागीय पोर्टलों पर कार्य करने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने तथा सही एवं समयबद्ध डाटा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।


संत जोसेफ स्कूल के निदेशक एवं बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, रोहतास के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने शिक्षा विभाग, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा प्रशिक्षण प्रदान करने वाले श्री साकिर अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से निजी विद्यालयों और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा विभागीय कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं गति आएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट