तहसील समाधान दिवस में 88 प्रार्थना पत्र, आठ का मौके पर निस्तारण
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Sep 19, 2026
- 2 views
उपजिलाधिकारी ने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
मड़ियाहूं, जौनपुर। तहसील परिसर में शनिवार को उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 88 प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में राजस्व, विकास, पुलिस, विद्युत, आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि आईजीआरएस समेत अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का भी संबंधित कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतला सिंह, नायब तहसीलदार कृति, अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह, अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़, खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर