कुदरा में स्कॉर्पियो से 32 पेटी विदेशी शराब और बीयर बरामद, चालक गिरफ्तार

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे जी की रिपोर्ट 

कैमूर----- जिला के कुदरा थाना क्षेत्र से है जहां मद्य निषेध विभाग और कुदरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शराब और स्कॉर्पियो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के जरिए शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद मद्य निषेध विभाग और कुदरा पुलिस की टीम ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की।

इसके बाद कुदरा थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर सकरी भारत गैस एजेंसी के सामने वाहन की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से 32 पेटी विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई।

वहीं, इस पूरे मामले में प्रभारी मोहनिया चेक पोस्ट संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि टोल टैक्स पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शराब लदी स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने जांच से बचने के लिए टोल का बैरियर तोड़कर वाहन लेकर भागने का प्रयास किया।


इसके बाद मामले की सूचना कुदरा पुलिस को दी गई। कुदरा पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो को सकरी भारत गैस एजेंसी के सामने पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई।


कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और बरामद शराब को जब्त कर लिया है। वहीं गिरफ्तार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप आखिर कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस शराब तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है।

कैमूर के कुदरा से यह बड़ी कार्रवाई एक बार फिर यह दिखाती है कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस और मद्य निषेध विभाग लगातार अभियान चला रहे हैं। अब देखना होगा कि पूछताछ और जांच में शराब की इस खेप से जुड़े और कितने लोगों के नाम सामने आते हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट