कैमूर में बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नुआंव से 3 बाल श्रमिक कराए गए मुक्त
- रामजी गुप्ता, सहायक संपादक बिहार
- Sep 23, 2026
- 2 views
अखिल भारतीय समाचार टीम
नुआंव(कैमूर)------ श्रम संसाधन विभाग, कैमूर के तत्वावधान में मंगलवार को नुआंव प्रखंड में बाल श्रम के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। श्रम अधीक्षक राजीव रंजन निखर के निर्देश पर गठित जिला धावा दल ने नुआंव चौक स्थित कई दुकानों पर छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।
अभियान का नेतृत्व नुआंव के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी जय गोपाल नाथ सरकार एवं नुआंव पुलिस ने संयुक्त रूप से किया। जांच के दौरान नुआंव चौक स्थित 'गुप्ता मिष्ठान भंडार' से दो और 'रिश्ते मिष्ठान प्रतिष्ठान' से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। सभी विमुक्त बच्चे मूल रूप से झारखंड के चतरा जिले के निवासी हैं।
प्रशासन ने बच्चों को दादर स्थित बाल कल्याण समिति (CWC) के सुपुर्द कर दिया है, जबकि दोनों प्रतिष्ठानों के मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। श्रम विभाग के अनुसार, बाल श्रम कराने पर 2 साल की जेल और ₹50,000 जुर्माने का कानूनी प्रावधान है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नियोजक से ₹20,000 अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा। राज्य सरकार द्वारा पीड़ित बच्चों को ₹3,000 की तत्काल आर्थिक सहायता दी जा रही है।


रिपोर्टर