पितृपक्ष मेला: हर काम में स्वच्छता की मिसाल, सफाई से लेकर भोजन तक पूरी तरह साफ-सुथरी व्यवस्था
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 08, 2026
- 4 views
गया नगर निगम की निगरानी में मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, श्याम इंटरनेशनल एजेंसी के कर्मचारी दिन-रात संभाल रहे जिम्मेदारी
गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से पहुंच रहे लाखों पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गया नगर निगम की ओर से मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नगर निगम की निगरानी में श्याम इंटरनेशनल एजेंसी के सफाईकर्मी सुबह से देर शाम तक विभिन्न मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी पूरी तत्परता के साथ संभाल रहे हैं।
मेला क्षेत्र में सड़कों, घाटों, तीर्थ स्थलों और प्रमुख पिंडदान स्थलों के आसपास नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने में काफी मदद मिल रही है। गया नगर निगम की ओर से स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी भी की जा रही है।
सफाई कर्मचारियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्याम इंटरनेशनल एजेंसी की ओर से उनके खान-पान की भी समुचित व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों को सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर और रात के भोजन तक की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी ड्यूटी पूरी कर सकें।
सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वे सुबह करीब पांच बजे नाश्ता करने के बाद अपने-अपने निर्धारित मेला क्षेत्रों में सफाई कार्य के लिए निकल जाते हैं। दोपहर करीब एक बजे भोजन करने के बाद वे फिर से सफाई कार्य में जुट जाते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिलने से उन्हें काफी सहूलियत हो रही है और वे पूरी लगन के साथ मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने में जुटे हैं।
पितृपक्ष मेले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में गया नगर निगम, श्याम इंटरनेशनल एजेंसी और सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आ रही है। हजारों सफाईकर्मी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं, जिससे मेला क्षेत्र में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने में लगातार मदद मिल रही है।


रिपोर्टर