27,28 को रोहतास में वारिश की संभावना


रोहतास।मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बिहार के विभिन्न जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना है। इसके प्रभाव से दिनांक 27 एवं 28 अक्टूबर 2026 को रोहतास जिले सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात एवं आंधी-पानी की संभावना व्यक्त की गई है।


संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन, रोहतास पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा जिले के तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारियों एवं सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।


मौसम विभाग, भोपाल द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने की संभावना को लेकर रोहतास और आसपास के सोन नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव की आशंका को देखते हुए सोन नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। साथ ही मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और सोन टीला पर नहीं ले जाने की सलाह दी गयी है। लोगों को नदी के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने, जलस्तर में संभावित बदलाव के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की चेतावनी मिलने पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। संबंधित पदाधिकारियों को भी तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।


संभावित बारिश के मद्देनजर जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के किसान भाइयों से अपील की गयी है कि जिन फसलों की कटाई हो चुकी है या जो फसलें पककर तैयार हैं, उनकी कटाई कर सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखने की व्यवस्था करें। इससे संभावित बारिश के कारण फसलों को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। किसानों को मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि संबंधी गतिविधियों की योजना बनाने की भी सलाह दी गई है।


जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी-पानी एवं मेघ गर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। वज्रपात की स्थिति में खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों एवं अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहें तथा किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लिया जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट