रामपुर में विजयदशमी मेला और भरत मिलाप को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न

अधिकारियों ने आयोजकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, अश्लील गानों और डीजे प्रतियोगिता पर रहेगी रोक


रामपुर (जौनपुर)। रामपुर में आगामी 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विजयदशमी मेले और 31 अक्टूबर को होने वाले भरत मिलाप को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को रामपुर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने की। बैठक में मेला आयोजकों, विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा नगर के संभ्रांत लोगों के साथ आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने आयोजकों और समितियों के जिम्मेदार लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सहयोग और समन्वय के साथ त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, यातायात और साफ-सफाई सहित आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान डीजे प्रतियोगिता आयोजित नहीं की जाएगी। डीजे पर केवल धार्मिक एवं मर्यादित गीत ही बजाए जाएंगे। अश्लील गाने बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। उन्होंने आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने की अपील की। उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने कहा कि विजयदशमी मेला और भरत मिलाप क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हैं। इन्हें आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और आयोजकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करने तथा व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर पंचायत रामपुर के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने नगर पंचायत से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ मुरलीधर और एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर को भी आयोजन के दौरान बिजली व्यवस्था तथा आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। रामपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मेला सभी नगरवासियों का है। इसे सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। मेले के दौरान किसी प्रकार की समस्या, विवाद या गड़बड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। बैठक में गुलाब दुबे, छेदी जायसवाल, भोरिक सोनकर, आनंद जायसवाल, आशुतोष दुबे उर्फ सनी, पप्पू सोनकर, सभासद दीपक जायसवाल सहित नगर के अनेक संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट