मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत खिलचीपुर में शिविर आयोजित, जनसमस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश


 


 राजगढ़  




विधायक खिलचीपुर श्री दांगी एवं विधायक राजगढ़ श्री यादव की उपस्थिति में हुआ आयोजन, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश


 उद्यम संवाद के माध्यम से हितग्राहियों से किया संवाद, विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी किए वितरित 




मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को खिलचीपुर नगर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी, राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा। शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सीधे सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही की जाए। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक खिलचीपुर श्री दांगी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीधे जनता से जोड़कर उनकी समस्याओं के समाधान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से आमजन को अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने और उनके निराकरण की प्रक्रिया को गति देने का अवसर मिल रहा है।


विधायक राजगढ़ श्री यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया तथा जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अपने संबोधन में बताया कि राजगढ़ जिला मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करें।


 उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव


कार्यक्रम के दौरान उद्यम संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों से संवाद कर उनके स्वरोजगार एवं उद्यम संबंधी अनुभव सुने गए। हितग्राहियों ने योजनाओं से प्राप्त सहायता तथा रोजगार के अवसरों के संबंध में अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत अल्शिफा, आयशा, पार्थवी, हत्रिका एवं हिमांशी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से फूड बास्केट का वितरण श्रीमती अनीता, श्री यश, श्री सत्तार खां, श्री अलवीरा, श्री मनोहर सिंह एवं श्री कैलाश को किया गया। उद्योग विभाग की उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत श्री रोहित सेन को 6 लाख रुपये की राशि का हितलाभ वितरित किया गया। इसी प्रकार, बैग वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा पहली के छात्र समीर, छात्रा खुशी तंवर, छात्रा तायरा बी, छात्रा यशस्वी, छात्र राजसोनी, छात्र जयेश, छात्र भूपेन्द्र सिंह चौहान, छात्र तेमुल खां एवं छात्रा माही शर्मा को बैग वितरित किए गए। संबल योजना के अंतर्गत श्रीमती बल्लभ बाई, श्रीमती मांगुबाई सौंधिया, श्रीमती पूजा एवं कमल कुंवर को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही श्री रामबाबू, श्रीमती धापूबाई एवं श्रीमती पूजा का संबल योजना के अंतर्गत पंजीयन किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट