कुदरा में दंपती से पर्स झपटमारी मामले में तीन गिरफ्तार, मोबाइल बरामद, बाइक जब्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 28, 2026
- 28 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र से झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में छीना गया मोबाइल बरामद किया है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल किए गए काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि बीते 18 सितंबर 2026 को कुदरा थाना क्षेत्र के पछाहगंज के समीप एनएच-19 स्थित डीहरा गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक दंपती से पर्स झपट लिया था। जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के डभरिया गांव निवासी ओंकार सिंह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ सासाराम की ओर से बाइक से भभुआ लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार बदमाश पहुंचे और ओंकार सिंह की पत्नी के हाथ से पर्स झपटकर मौके से फरार हो गए। झपटमारी के बाद पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
बताया गया कि महिला के पर्स में एक मोबाइल फोन, करीब पांच हजार रुपये नकद, आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे। घटना के बाद कुदरा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त बताए जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल को जब्त किया गया और झपटमारी के दौरान छीना गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शफक अब्बास, पिता आले हसन, ग्राम पखनारी, थाना शिवसागर, जिला रोहतास को तुंबा थाना रोहतास जिला रोहतास से गिरफ्तार किया गया वही हरे राम कुमार, पिता कलिंदर सिंह, ग्राम समहुता, थाना शिवसागर, जिला रोहतास; तथा अरुण कुमार उर्फ कारण, पिता अर्जुन पासवान, ग्राम रिझाई, थाना शिवसागर, जिला रोहतास के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों गिरफ्तार आरोपितों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि गिरफ्तार आरोपितों का किसी अन्य झपटमारी या आपराधिक घटना से संबंध है या नहीं।


रिपोर्टर