अजनार नदी की स्वच्छता के लिए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने नागरिकों के साथ किया श्रमदान
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Oct 29, 2026
- 63 views
अजनार नदी के संरक्षण के लिए शासन- प्रशासन स्तर पर लगातार प्रयास जारी, जनभागीदारी से साकार होगा स्वच्छ एवं सुंदर ब्यावरा का संकल्प
राजगढ़ । नगर पालिका ब्यावरा द्वारा आयोजित अजनार नदी सफाई अभियान में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने नागरिकों के साथ सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने नदी की स्वच्छता में योगदान देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने अजनार नदी के घाटों का निरीक्षण किया तथा नवीन अस्पताल रोड पर बनने वाली पुलिया का भी जायजा लेकर संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पंवार ने कहा कि अजनार नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में शासन और प्रशासन के स्तर पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के साथ-साथ इसके आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि नदी एवं अन्य जलस्रोतों का संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है।
नदियों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी
श्रमदान के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर होने के साथ ही संस्कृति, सभ्यता और जीवन का अभिन्न अंग हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। अजनार नदी ब्यावरा क्षेत्र की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा है, इसलिए इसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का हिस्सा बननी चाहिए। जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन, नगर पालिका और नागरिक मिलकर किसी कार्य के लिए संकल्प लेते हैं, तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। जनभागीदारी से स्वच्छता के प्रयासों को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नदी में कचरा न डालें और अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करें।
घाटों का किया निरीक्षण
अजनार नदी सफाई अभियान के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अजनार नदी की स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने तथा नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।इसके साथ ही उन्होंने नवीन अस्पताल रोड पर बनने वाली पुलिया का निरीक्षण भी किया। इस दौरान क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। अजनार नदी की स्वच्छता, घाटों की बेहतर व्यवस्था और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ एवं सुंदर ब्यावरा के संकल्प को मजबूती मिलेगी।


रिपोर्टर