पांची पहाड़ पर लूटपाट के मामले में नया खुलासा, फेरीवाले की बाइक भी छीनी थी


चार राहगीरों को हथियार का भय दिखाकर बनाया था निशाना, तीन गिरफ्तार व एक बालक निरुद्ध; दो मोबाइल और 5600 रुपये बरामद



रोहतास। दरिगांव थाना क्षेत्र के पांची पहाड़ स्थित गीताघाट मोड़ के पास राहगीरों से हथियार के बल पर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में एक बर्तन फेरीवाले की मोटरसाइकिल भी छीनने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस की बरामदगी सूची में मोटरसाइकिल का उल्लेख नहीं है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। इनके पास से लूटे गए दो मोबाइल और 5600 रुपये बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, सात नवंबर की रात पांची पहाड़ के ऊपर गीताघाट मोड़ के पास सुनसान रास्ते में छह-सात अपराधियों ने चार राहगीरों को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की थी। मामले में दरिगांव थाना में आठ नवंबर को कांड संख्या 201/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।एसपी रोहतास के निर्देश पर एसडीपीओ सासाराम-1 के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें दरिगांव थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी विशाल कुमार और रोहित कुमार तथा बड्डी थाना क्षेत्र के रायपुर चोर गांव निवासी अमर कुमार उर्फ नेहाल उर्फ पोपल उर्फ रामजीत शामिल हैं। इनके साथ एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सात नवंबर को वे अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने के लिए पांची डैम पहाड़ पर जुटे थे। पार्टी के बाद पहाड़ के ऊपर सुनसान रास्ते में राहगीरों को निशाना बनाया। इस दौरान दो ट्रैक्टर चालकों से एक लॉकेट और एक मोबाइल, बर्तन की फेरी करने वाले बाइक सवार से मोबाइल और 5600 रुपये नकद तथा एक बुजुर्ग चरवाहे से की-पैड मोबाइल छीन लिया। पुलिस विज्ञप्ति में फेरीवाले की मोटरसाइकिल छीने जाने की बात भी दर्ज है।पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल और 5600 रुपये बरामद किए हैं। अन्य लूटे गए सामानों की बरामदगी तथा घटना में शामिल शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।


बरामदगी में मोटरसाइकिल का जिक्र नहीं


पुलिस की विज्ञप्ति में पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल छीने जाने का उल्लेख किया गया है, लेकिन बरामद सामानों की सूची में केवल दो मोबाइल और 5600 रुपये ही दर्ज हैं। ऐसे में मोटरसाइकिल की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट