राजगढ़ के दो प्रगतिशील पशुपालकों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया सम्मानित


गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 में प्रदेश के टॉप-10 में बनाई जगह, पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित


राजगढ़ ।  जिले के लिए गौरव और हर्ष का विषय है कि राजगढ़ के दो प्रगतिशील पशुपालकों को प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश शासन की ‘वृंदावन ग्राम योजना’ के अंतर्गत संचालित ‘गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के दोनों पशुपालकों को  रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित समारोह में एक लाख रूपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड द्वारा जारी औसत दैनिक दुग्ध उत्पादन की सूची में राजगढ़ जिले के दो पशुपालकों ने प्रदेश के टॉप-10 विजेताओं में स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

 प्रदेश में पांचवें एवं नौवें स्थान पर रहे राजगढ़ के पशुपालक योजना के तहत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन के लिए चयनित पशुपालकों में श्री सुमेर सिंह पंवार निवासी ग्राम सलेहपुर विकासखंड ब्यावरा गोवंश की नस्ल गिर औसत दैनिक दुग्ध उत्पादन 16.144 लीटर प्रदेश में पांचवां स्थान तथा श्री कुशल सिंह दांगी निवासी ग्राम काशीखेड़ी विकासखंड खिलचीपुर गोवंश की नस्ल साहिवाल औसत दैनिक दुग्ध उत्पादन 15.520 लीटर प्रदेश में नौवां स्थान रहा।  

संस्कृति विभाग एवं पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों चयनित पशुपालकों को पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में प्रदेशभर से चयनित उत्कृष्ट गोपालकों ने सहभागिता की। इसके साथ ही प्रदेश के के 15 अन्य पशुपालक एवं गौशाला संचालक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

राजगढ़ जिले के दोनों पशुपालकों की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत, लगन और पशुपालन के प्रति समर्पण का परिणाम है, बल्कि जिले में उन्नत गौवंश नस्लों के संरक्षण, संवर्धन और दुग्ध उत्पादन की अपार संभावनाओं को भी प्रदर्शित करती है। मुख्यमंत्री के हाथों राज्य स्तर पर सम्मानित होने से जिले के पशुपालकों एवं किसानों में उत्साह और हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि अन्य पशुपालकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन को अपनाने की दिशा में प्रोत्साहित करेगी।राजगढ़ जिले के लिए यह निश्चित रूप से गौरव का क्षण है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट