ऑटो-ई-रिक्शा चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य, 1033 चालकों को दिया गया फॉर्म


सासाराम में अब तक 400 चालकों और मालिकों ने जमा किया विवरण, हर ऑटो में चालक का नाम, फोटो और लाइसेंस नंबर होगा प्रदर्शित


रोहतास ।जिले में यात्रियों की सुरक्षा और जन-सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए रोहतास पुलिस ने ऑटो, टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों एवं मालिकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। इसके तहत सभी चालकों और वाहन मालिकों का पूरा विवरण जुटाया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक ऑटो में चालक का नाम, फोटो और लाइसेंस नंबर सहित अन्य आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जा रही है।रोहतास पुलिस के अनुसार, सासाराम शहर में 11 नवंबर तक 1033 ऑटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों को विवरणी फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इनमें से अब तक 400 चालकों एवं वाहन मालिकों ने अपनी पूरी जानकारी भरकर पुलिस को सौंप दी है। जमा किए गए विवरण के आधार पर संबंधित चालकों एवं मालिकों का सत्यापन किया गया है।


संदिग्ध तत्वों पर लगेगा अंकुश


पुलिस का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना, आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और जवाबदेह बनाना है। वाहनों में चालक की पहचान प्रदर्शित रहने से किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उसकी पहचान करना आसान होगा।


सभी थानों को जारी किया गया निर्देश


रोहतास पुलिस ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित सभी ऑटो, टेम्पो एवं ई-रिक्शा के चालकों और मालिकों का इसी प्रक्रिया के तहत सत्यापन सुनिश्चित करें। पुलिस ने सभी संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों से अपील की है कि वे सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें और निर्धारित विवरण समय पर उपलब्ध कराएं।रोहतास पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनविश्वास और यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले में इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट