जल की चोरी से परेशान महानगरपालिका ने कसे शिकंजे, पानी चोरी के दो बड़े मामले उजागर

भिवंडी।  जल को जीवन मानने वाली भिवंडी महानगरपालिका ने पानी चोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए दो अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किए हैं। यह मामले जल आपूर्ति अभियंता संदीप पटनावर के नेतृत्व में विभाग के प्रमुख विराज मनोहर भोईर की शिकायत पर दर्ज किए गए, जिन्होंने महानगरपालिका के जल संसाधनों के दुरुपयोग को उजागर किया। पहले मामले में आरोपी साई लीला अपार्टमेंट के सेक्रेटरी दुर्गादास बासुदेव सबनवार ने जल आपूर्ति प्रणाली से बिना किसी वैध अनुमति के पानी का अवैध दोहन किया। इस गैरकानूनी गतिविधि से नगरपालिका को 35,249 का नुकसान हुआ। दूसरे मामले में कणेरी के रहने वाले आरोपी श्रीराम पाटिल ने बिना अनुमति के पानी का उपयोग किया। जिससे पालिका को 35 हजार रूपये का नुकसान पहुंचा है। महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि जल जैसे अनमोल संसाधन का अवैध उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों मामलों में भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(4) 324(5)236(ब) और 303(2) के तहत केस दर्ज किया है। जलापूर्ति विभाग ने जनता से अपील की है कि वे जल का दुरुपयोग न करें और किसी भी अवैध कनेक्शन की जानकारी तुरंत महानगरपालिका को दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट