भिवंडी में युवती से दुष्कर्म के बाद चाकू से हमला
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 17, 2025
- 499 views
गंभीर हालत में मुंबई में इलाज जारी आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी। भिवंडी शहर में एक 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और फिर चाकू से हमला कर घायल अवस्था में छोड़कर फरार होने वाले आरोपी को कोनगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल पीड़िता का मुंबई के जे.जे. अस्पताल में इलाज शुरू है। इस संबंध में पुलिस ने कुणाल पासवान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
कोनगांव पुलिस के अनुसार, सरवली गांव की 19 वर्षीय युवती 11 फरवरी की शाम करीब 7 बजे घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गई थी। उसके माता-पिता ने उसी रात करीब 3 बजे कोनगांव पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।कुछ ही घंटों बाद, सुबह पीड़िता के पिता ने पुलिस को फोन कर बताया कि उनकी बेटी घायल अवस्था में शेलार गांव के अंबिका सिटी रोड पर पड़ी मिली और एक ऑटो चालक ने उसे आईजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना की जानकारी के बाद कोनगांव पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची, लेकिन पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए मुंबई के जे.जे.अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने अस्पताल में पीड़िता का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने बताया कि उसका मित्र कुणाल पासवान उसे शादी का झांसा देकर टेमघर स्थित एक कमरे में ले गया और वहां जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने उसे अपने घर ले जाने की बात कहकर शेलार गांव के अंबिका सिटी रोड पर ले जाकर चाकू (कटर) से उसकी गर्दन और हाथों पर वार किए और उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के बयान के आधार पर कोनगांव पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया और आरोपी के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया।


रिपोर्टर