डीएम ने दी सौ शिक्षकों को नियुक्ति पत्र
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 01, 2025
- 295 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम में शिक्षकों की बड़ी भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई, जहां 3048 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के डीआरडीए सभागार में आयोजित हुआ, जहां डीएम उदिता सिंह और डीईओ मदन राय ने शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत नियुक्ति हुई है।
डीईओ मदन राय ने बताया कि बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत यह नियुक्तियां की गई हैं। सक्षमता परीक्षा-2 में सफल 2848 शिक्षकों को और सक्षमता परीक्षा-1 के शेष 200 शिक्षकों को भी इस प्रक्रिया में नियुक्त किया गया है।
जिले में कुल 3048 शिक्षकों में से 100 शिक्षकों को डीआरडीए सभागार में जिलाधिकारी द्वारा नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि शेष शिक्षकों को प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इस प्रक्रिया को संपन्न करा रहे हैं।
1 से 7 मार्च के बीच देना होगा योगदान।डीईओ ने बताया कि सक्षमता परीक्षा-2 में सफल शिक्षक 1 से 7 मार्च के बीच अपने आवंटित स्कूलों में योगदान देंगे। इससे जिले के स्कूलों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


रिपोर्टर