कैमूर में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 21, 2026
- 11 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर / जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद मंगलवार को प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ। सुबह से शुरू हुई विसर्जन प्रक्रिया देर रात करीब 9 बजे तक जारी रही। इस दौरान विभिन्न पूजा समितियों द्वारा ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ नगर भ्रमण किया गया।
विसर्जन के दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। विभिन्न पूजा समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन दुर्गावती नदी, कुदरा नदी, सुअरा नदी सहित स्थानीय तालाब एवं पोखरों में किया गया।
कुदरा में करीब आधा दर्जन पूजा समितियों ने मुख्य बाजार के रास्ते प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया। इसके बाद निर्धारित विसर्जन स्थलों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कुदरा में नगर पंचायत सभापति सुरेंद्र कुमार पाल, लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष गजेंद्र प्रसाद गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रिशु प्रताप सिंह सहित अंचल अधिकारी विवेक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी शांभवी श्रीवास्तव, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी उजाली राज एवं कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
वहीं, जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में भी प्रतिमा विसर्जन को लेकर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी, आरक्षी अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया
प्रशासन की मुस्तैदी और पूजा समितियों के सहयोग से जिले में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।


रिपोर्टर