भलूनी धाम में मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा, मूर्ति के नीचे दबकर युवक तालाब में डूबा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 22, 2026
- 14 views
रोहतास। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध यक्षिणी भवानी भलूनी धाम स्थित तालाब में बुधवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। विसर्जन के क्रम में एक युवक प्रतिमा के नीचे दबकर तालाब में डूब गया। उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हुआ था।
डूबे युवक की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के चितांव गांव निवासी मनीकरण सिंह के करीब 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह सासाराम में रहकर पढ़ाई करता था। दुर्गा पूजा के अवसर पर वह भलूनी धाम के समीप स्थित बरडीहा गांव में अपनी मौसी के घर आया हुआ था। इसी दौरान वह प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने तालाब पहुंचा, जहां यह हादसा हो गया।
एसडीएम और डीएसपी पहुंचे घटनास्थल पर
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बिक्रमगंज के एसडीएम दिलीप कुमार और डीएसपी सिंधु शेखर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दिनारा थानाध्यक्ष रंजीत सिन्हा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को बुलाया जाएगा। टीम की मदद से तालाब में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
हादसे के बाद युवक के परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।


रिपोर्टर