धर्म सेवक डॉ.सोन्या पाटील को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर राष्ट्रीय पुरस्कार घोषित

मुंबई में होगा भव्य सम्मान समारोह

भिवंडी। हिंदुस्थानातील थोर दानशूर समाज कल्याण न्यास प्रतिष्ठान के संस्थापक, स्वर्गीय हिंदू हृदय सम्राट बाल ठाकरे के कट्टर अनुयायी और उभाठा गट के ठाणे लोकसभा सह-संपर्क प्रमुख धर्म सेवक डॉ. सोन्या काशिनाथ पाटील को इस वर्ष का प्रतिष्ठित पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी आयोजकों ने मीडिया को दी।

समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निष्काम सेवा एवं समर्पण भाव से कार्य कर रहे व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से हर वर्ष यह पुरस्कार समारोह भव्य रूप में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष का कार्यक्रम 10 अप्रैल 2025 को शाम 5 बजे, मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सभागृह, नरिमन पॉइंट में संपन्न होगा।

पुरस्कार वितरण समारोह में तेलंगाना के राज्यपाल महामहिम जिष्णु देव वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति एवं पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर के वंशज श्री राम शिंदे की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।

डॉ.सोन्या पाटील द्वारा स्थापित समाज कल्याण न्यास, महाराष्ट्र राज्य को सामाजिक क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए "पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर राष्ट्रीय सामाजिक पुरस्कार 2024" से भी सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी धर्मपीठ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के चलते वर्ष 2020 और 2021 के पुरस्कार वितरण स्थगित कर दिए गए थे, जिन्हें बाद में महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल महामहिम भगतसिंह कोश्यारी की अध्यक्षता में राजभवन, मुंबई में संपन्न किया गया था। डॉ. सोन्या पाटील को यह सम्मान मिलने पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख उद्धव बालासाहेब ठाकरे, सांसद संजय राऊत, विधायक सुनील प्रभु, शिवसेना नेता भास्करराव जाधव, पूर्व विधायक रुपेश म्हात्रे, महाराष्ट्र राज्य पत्रकार संघ के राज्य महासचिव डॉ. विश्वास आरोटे तथा दैनिक स्वराज्य तोरण के संपादक डॉ. किशोर बलीराम पाटील सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बधाई दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट