भिवंडी मनपा में भ्रष्टाचार के खिलाफ मनसे का उपोषण
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Apr 24, 2025
- 469 views
कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संतोष सालवी के नेतृत्व में आंदोलन शुरू
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र में अमृत जल योजना के तहत 100 एमएलडी जलापूर्ति योजना में हुए करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार और मनपा कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण कामगार सेना ने बुधवार को मनपा मुख्यालय के सामने जोरदार उपोषण आंदोलन शुरू किया है। इस आंदोलन का नेतृत्व मनसे कामगार सेना भिवंडी यूनिट प्रमुख एवं महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सालवी कर रहे हैं। इस संबंध में संतोष सालवी ने कहा, "100 एमएलडी जल योजना में टेंडर प्रक्रिया के दौरान भारी भ्रष्टाचार हुआ है। हमने बार-बार प्रशासन से शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब हमें सड़कों पर उतरना पड़ा है।"कर्मचारियों की मांगों में प्रभारी पदोन्नति देते समय वरिष्ठता और पिछले कार्य का मूल्यांकन करना, निलंबित या भ्रष्ट अधिकारियों को जिम्मेदारी न देना, सफाई कर्मचारियों के लिए हाजिरी शेड पर पीने के पानी की व्यवस्था करना और सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी सामग्री उपलब्ध कराना, साथ ही सेवा निवृत्त कर्मचारियों को उनके सभी आर्थिक लाभ उसी दिन देना शामिल हैं।"महानगरपालिका आयुक्त इन मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जब तक प्रशासन सकारात्मक जवाब नहीं देता, तब तक यह उपोषण जारी रहेगा," ऐसा दृढ़ संकल्प संतोष सालवी ने व्यक्त किया। इस आंदोलन से मनपा के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना है और अन्य कर्मचारी संगठनों के भी समर्थन में शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं।


रिपोर्टर