भिवंडी में बिक रहा एक्सपायरी मटन–चिकन !

200 में बकरे का मटन, 100 में चिकन – स्वास्थ्य और पुलिस विभाग मौन

भिवंडी। भिवंडी के स्लम इलाकों में एक खतरनाक खेल खेला जा रहा है। एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के बाद अब एक्सपायरी मटन, चिकन और मछली की भी खुलेआम बिक्री शुरू हो गई है। नागरिकों के स्वास्थ्य से हो रहे इस खुलेआम खिलवाड़ को लेकर जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे हुए हैं।

शास्त्रीनगर के नवभारत स्कूल रोड परिसर में तनवीर लाट वाला नामक व्यापारी द्वारा यह अवैध बाजार चलाया जा रहा है। जहां एक किलो बकरे का मटन सिर्फ 200 रुपये में, 900 ग्राम चिकन 100 रुपये में और मछली बेहद कम कीमत में बेची जा रही है। यह सारा माल प्लास्टिक की थैलियों में भरकर बेचा जाता है।

सूत्रों की मानें तो मुंबई के बड़े-बड़े मॉल्स से एक्सपायरी मांस को डिस्पोज करने के नाम पर यह माल भिवंडी भेजा जाता है। यहां के व्यापारी स्थानीय लोगों से सांठगांठ कर इस माल को 'सेल का माल' बताकर स्लम इलाकों में खपाते हैं। तीनबत्ती बाजार, शांतिनगर, खंडूपाडा, गैबी नगर, अंजता कंपाउंड, भंडारी कंपाउंड, नवी बस्ती, इदगाह, दरगाह दिवान शाह, म्हाडा कॉलोनी, रावजी नगर – इन क्षेत्रों में ऐसे अवैध गोदाम सक्रिय हैं, जहां कपड़े से लेकर पेय पदार्थ और अब मांस तक बेचा जा रहा है।

पिछले वर्ष ठाणे FDA विभाग और भिवंडी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी, लेकिन पिछले कई महीनों से किसी भी विभाग की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। इससे ऐसे कारोबारियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। इस पूरे मामले पर पालिका का आरोग्य विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मौन है। सवाल यह है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले इन माफियाओं के खिलाफ कब तक चुप्पी साधे रखी जाएगी ? स्थानीय नागरिकों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे बाजारों को तत्काल बंद किया जाए और दोषियों पर सख्त फौजदारी के तहत कार्रवाई हो।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट