राजेपुर त्रिमुहानी पर पीपा पुल की मांग को लेकर अन्ना का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 07, 2026
- 42 views
बिना अन्न-जल आमरण अनशन के दूसरे दिन भी नहीं पहुंचे अधिकारी, कार्तिक पूर्णिमा से पहले पुल तैयार कराने की मांग
जौनपुर। राजेपुर त्रिमुहानी-रामेश्वरम विजयीपुर घाट के बीच गोमती नदी पर पीपा पुल लगाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना का बिना अन्न-जल आमरण अनशन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कलेक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ताओं ने अन्ना के आंदोलन का समर्थन करते हुए उनकी मांग को जायज बताया। आरोप है कि अनशन के दूसरे दिन भी कोई अधिकारी अन्ना की सुध लेने नहीं पहुंचा। अन्ना ने कहा कि पीपा पुल न लगने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि राजेपुर त्रिमुहानी से रामेश्वरम विजयीपुर घाट तक पीपा पुल लगाने का ठेका 26 फरवरी 2026 को लोक निर्माण विभाग खंड-द्वितीय में करीब 41 लाख रुपये में हुआ था। ठेके की शर्त के अनुसार छह महीने के भीतर पीपा पुल लगाया जाना था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी पुल नहीं लगाया गया। अन्ना ने इसके लिए पीडब्ल्यूडी द्वितीय के इंजीनियर राजेश राव की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने भी अब तक राजेपुर घाट पर पहुंचकर निरीक्षण नहीं किया और न ही पीपा पुल लगाने की प्रक्रिया शुरू की। अन्ना ने चेतावनी दी कि जब तक पीपा पुल लगाने को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता और कार्तिक पूर्णिमा से पहले पुल तैयार नहीं किया जाता, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने भी प्रशासन से तत्काल मामले में हस्तक्षेप कर पीपा पुल लगाने की कार्रवाई पूरी कराने की मांग की।


रिपोर्टर