नहर में मिला बुजुर्ग का शव, डूबने से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 07, 2026
- 6 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के डीह भुजैना गांव के पास नहर में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के भरारी गांव निवासी स्वर्गीय छेदी राम के 56 वर्षीय पुत्र सीताराम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सीताराम पर्वतपुर गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे और मंगलवार को वहां से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करीब 11 बजे डीह भुजैना गांव के पास वह शौच के लिए रुके। परिजनों के अनुसार, शौच के बाद नहर में पानी छूने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए, जिससे डूबने के कारण उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पंचायत के मुखिया और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से नहर से शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा प्रावधान के तहत मुआवजा राशि देने की मांग की है।


रिपोर्टर