चेहल्लुम एवं जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण हेतु डीएम ने की ब्रीफिंग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 14, 2025
- 56 views
रोहतास।चेहल्लुम एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के सफल आयोजन एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु आज दिनांक 14 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह के द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की ब्रीफिंग की गई।
दिनांक 15.08.2024 को चेहल्लुम पर्व एवं दिनांक 16.08.2024 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाए जाने की सूचना है। चेहल्लुम पर्व एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु दिनांक 14.08.2024 से 17.08.2024 तक दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उक्त पर्व के अवसर पर सभी थानाध्यक्ष/पुलिस निरीक्षक/अंचलाधिकारी/प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विश्वसनीय सूत्रों/चौकीदार के माध्यम से आसूचना का संग्रहण करेंगे।
महासचिव मरकजी मुहर्रम कमिटी सासाराम द्वारा दिनांक 14.08.2025 के रात्रि 7 बजे से दिनांक 15.08.2025 के 9 बजे रात्रि से ताजिया जुलूस निकाले जाने की संबंधी सूचना दी गई है।
जिला पदाधिकारी महोदया द्वारा निर्देश दिया गया है कि बिना लाईसेंस ताजिया निशान जुलुश / विसर्जन जुलूस नहीं निकलेगा। जुलूस में उत्तेजक, भड़काऊ गाना, नारेबाजी नहीं किया जायेगा। डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। जुलूस में हथियार ले जाना अथवा प्रदर्शन किया जाना आर्म्स एक्ट के तहत प्रतिबंधित है। जुलूस का लाइसेंस जिस व्यक्ति के नाम पर निर्गत किया जायेगा, उसकी पहचान निश्चित रूप से किया जाय। साथ ही शर्त्तों के उल्लंघन के संबंध में की जाने वाली विधि-सम्मत कार्रवाई के बारे में पूर्व से अवगत करा दिया जाय। वीडियो कैमरा के अलावे सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी।
जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन करते हुए अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी इस संबंध में प्रमाण-पत्र देंगे। यदि मार्ग में किसी प्रकार की बाधा हो तो उसका समाधान करते हुए इस संबंध में प्रतिवेदन भेजेंगे। साथ ही जुलूस का स्कॉट संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा किया जायेगा।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्त्ति प्रमण्डल निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई तथा जुलूस मार्गो में तारो की जाँच कर ससमय दुरूस्त करा लेंगे।
सभी अंचलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व समाप्ति के उपरांत मूर्ति विसर्जन की स्थिति में अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत चिन्हित नदी घाटों/तालाबों पर आवश्यकतानुसार गोताखोरों एवं बचाव दल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करें।
चेहल्लुम एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर रोहतास जिले के सभी थाना क्षेत्रों के 344 चिन्हित जगहों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सासाराम शहर क्षेत्र में पालीवार गश्तीदल में 10 दंडाधिकारी एवं 10 पुलिस पदाधिकारी भ्रमण करते रहेंगे। साथ ही तीनों अनुमंडल के 10 संवेदनशील प्रखंड में एक-एक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं जिलांतर्गत सभी कोटि के पदाधिकारियों का अवकाश रद्द किया गया है। विशेष परिस्थिति में अधोहस्ताक्षरी की अनुमति के उपरांत ही मुख्यालय छोड़ेंगे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अग्निक दल के साथ तैयार हालत में अग्निशाम वाहन की प्रतिनियुक्ति करने हेतु निदेशित किया गया।
सदर अस्पताल सहित सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में जीवन रक्षक दवाओं, तैयार हालत में एम्बुलेंस एवं 24×7 चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति करने हेतु सिविल सर्जन को निदेशित किया गया।
अनुमण्डल पदाधिकारी/अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज और सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखने हेतु निदेशित किया गया।


रिपोर्टर