तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत संगोष्ठी आयोजित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 20, 2025
- 73 views
रोहतास ।जिला प्रशासन, रोहतास एवं राज्य सरकार की तकनीकी सहयोगी संस्था सोशियो-इकोनॉमिक एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी (सीड्स) के संयुक्त तत्वावधान में "तंबाकू नियंत्रण अभियान" के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, रोहतास श्रीमती उदिता सिंह ने की।
कार्यक्रम में जिला विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, पुलिस उप अधीक्षक, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक, कृषि पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग समेत जिले के सभी सरकारी पदाधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, पंजीकृत अस्पताल प्रतिनिधि एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बच्चों को तंबाकू की लत से बचाना एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना था। कार्यशाला में सीड्स के तकनीकी सहयोग से गठित त्रिस्तरीय छापामार दस्ता के सदस्यों को तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA 2003) के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई और इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सीड्स के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक श्री सुदर्शन सिंह ने अपने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि बिहार में प्रतिदिन औसतन 440 बच्चे तंबाकू सेवन की शुरुआत करते हैं, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने COTPA - 2003 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की जानकारी देते हुए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे तंबाकू नियंत्रण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि “तंबाकू को जड़ से समाप्त करने हेतु सामाजिक संस्थानों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए इसे पंचायत स्तर तक ले जाने की जरूरत है।”
जिला पदाधिकारी श्रीमति उदिता सिंह ने सभी से आह्वान किया कि रोहतास को "तंबाकू मुक्त जिला" बनाने के लिए एक जन-आंदोलन की शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि “हम सभी का कर्तव्य है कि हम बच्चों और युवाओं को इस घातक लत से दूर रखें ताकि एक बेहतर, स्वस्थ और उज्जवल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।”
अंत में, जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. असित रंजन ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापन श्री अजय कुमार सिंह जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने किया।


रिपोर्टर